संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी डाॅ. राजा गणपति आर. ने अत्यधिक ठंडक एवं शीतलहर के कारण जिले में संचालित प्री प्राइमरी से कक्षा आठ तक सभी परिषदीय, राजकीय मान्यता प्राप्त एवं सभी बोर्ड के विद्यालयों में बुधवार को शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा।
इस दौरान सभी शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर कार्मिकों को विद्यालयों में उपस्थित होकर विद्यालय समयावधि में डीबीटी, यू-डायस प्लस एवं अपार आईडी आदि महत्वपूर्ण कार्यों का संपादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
कोहरे की ओट में सूर्य ठंड से ठिठुरा तराई : ठंड का असर जनवरी बीतने पर और भी बढ़ गया है। इससे दो दिनों से घना कोहरा छाया हुआ है। सोमवार से छाई कोहरे की चादर मंगलवार को भी बनी रही। गलन बढ़ने से पारा भी लुढ़क गया। इससे लोग ठिठुरने पर मजबूर हो गए। कोहरा घना होने से सूर्य देव भी छिपे हुए हैं। तराई में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है।
दो दिन पूर्व तक धूप खिलने से लोग राहत महसूस कर रहे थे, लेकिन सोमवार से मौसम का मिजाज फिर बदला। मौसम विभाग की ओर से जिले में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया। सोमवार की सुबह से ही घने कोहरे की चादर छाई। इसका असर मंगलवार तक बना रहा। मंगलवार की सुबह से ही घना कोहरा लोगों को परेशानी देता हुआ दिखा।
दोपहर बाद कोहरा हल्का होने से कुछ राहत मिली, लेकिन शाम होते ही फिर कोहरा छा गया। धीमी गति से वाहन चालक लाइट जलाकर आवाजाही करते दिखे।