महनुआखास गांव में सरकारी जमीन पर मंदिर और मस्जिद निर्माण को लेकर दो समुदाय के बीच तनाव उत्पन्न हो
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
मंदिर व मस्जिद बनाने के लिए दो पक्षों में तनाव
- डुमरियागंज थाना क्षेत्र के महनुआखास का मामला, पुलिस बल तैनात
संवाद न्यूज ऐजेंसी
भनवापुर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के महनु खास गांव में सरकारी भूमि पर एक पक्ष मंदिर बनाने की तो दूसरा पक्ष मस्जिद बनाने के लिए अड़ा है। मंदिर निर्माण के शिलान्यास कार्ड बंटने के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। विवाद न हो, इसके मद्देनजर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
क्षेत्र के महनुआखास गांव में एक भूमि का टुकड़ा सरकारी अभिलेख में ग्राम समाज में दर्ज है। इसी जमीन पर गांव के करीब 17 लोगों ने अवैध कब्जा कर अवैध रूप से निर्माण कर लिया है। इन लोगों पर हल्का लेखपाल कार्रवाई भी की गई है। इसी गाटा संख्या में से बचा लगभग 12 मंडी जमीन पर एक पक्ष मंदिर निर्माण तो दूसरा पक्ष मस्जिद निर्माण पर अड़ा है। एक पक्ष ने 27 अप्रैल को मंदिर निर्माण के लिए शिलान्यास की तिथि निर्धारित की है। दोनों पक्षों के बंजर जमीन पर मंदिर-मस्जिद निर्माण की सूचना पर उपजिलाधिकारी डुमरियागंज व पुलिस क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर शांती व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार की शाम करीब चार बजे पुलिस बल की एक टीम महनुआखास गांव में विवादित स्थल पर तैनात कर दी गई। वहीं, ग्राम प्रधान नसीबुल्लाह खान ने कहा कि ग्राम समाज के इस विवादित स्थल पर मंदिर-मस्जिद निर्माण ना कराकर विवाह घर बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इस संबंध में एसडीएम डुमरियागंज प्रदीप कुमार यादव नें कहा कि उक्त भूमि पर विवाह घर का ही निर्माण कराया जाएगा, गांव में किसी प्रकार की अशांति न हो इसके लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है। किसी भी प्रकार की शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।