बांसी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सोनबरसा गांव में छेड़खानी से आजिज होकर किशोरी ने फंदे पर लटककर जान दे दी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा है।
सोनबरसा गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी की शनिवार देर शाम कमरे में फंदे से लटकती लाश मिली थी। घरवालों ने देर रात इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार की दोपहर मृतका के पिता ने थाने में तहरीर देकर गांव के ही एक युवक पर बेटी के साथ छेड़खानी का आरोप लगाया। तहरीर में पिता ने कहा कि गांव निवासी दीपक यादव उसकी बेटी को तंग करता था। आए दिन छींटाकशी और छेड़खानी से वह आजिज हो चुकी थी। इसकी शिकायत के बाद भी युवक की आदत में कोई सुधार नहीं हुआ।
इससे क्षुब्ध होकर बेटी ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। हर कोई स्तब्ध है। कोतवाल देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी दीपक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।