भवानीगंज। थाना क्षेत्र के महतिनिया गांव के तालाब किनारे स्थित विद्युत पोल शनिवार को टूट कर गिर गया था। जिसकी सूचना तिलगड़िया स्थित विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारियों को ग्रामीणों ने उसी दिन दे दी थी। चार दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। विद्युत पोल टूटने से करीब 60 घरों की विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली सप्लाई बाधित होने से काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे अधिक परेशानी बोर्ड परीक्षा दे रहे छात्रों को हो रही है। बिजली न रहने के कारण वह परीक्षा की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। इस संबंध में अवर अभियंता ने बताया है कि गांव के व्यक्ति द्वारा पोल तोड़ दिया गया था, थाने पर तहरीर दे दी गई है। जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।