संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय ने महाविद्यालय व छात्र-छात्राओं से एबीसी या अपार आईडी को छात्र लॉगिन पर अपलोड करने का निर्देश दिया है। समय से अपलोड न करने पर परीक्षा परिणाम से वंचित व परीक्षा आवेदन अस्वीकार करने की चेतावनी दी है।
विश्वविद्यालय ने सत्र 2025-26 के अंतर्गत स्नातक एवं परास्नातक प्रथम सेमेस्टर परीक्षा में सम्मिलित छात्र-छात्राओं के एबीसी व अपार आईडी को छात्र लॉगिन पर अपलोड करने का निर्देश दिया है। विश्वविद्यालय ने जारी पत्र में कहा कि जिस छात्र का एबीसी या अपार आईडी अपलोड नहीं हुआ है, उनका परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा। साथ ही ऐसे महाविद्यालयों के परीक्षा फाॅर्म भी स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
परीक्षा नियंत्रक दीनानाथ यादव ने पत्र के माध्यम से बताया कि समस्त संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्रबंधक व विभागाध्यक्ष प्रथम सेमेस्टर के सभी छात्र-छात्राओं की एबीसी व अपार आईडी निर्मित कराते हुए शीघ्र अपलोड कराना सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा परिणाम निर्बाध रूप से जारी किए जा सके।