कोटा से आए 54 छात्रों की जांच रिपोर्ट निगेटिव
डिड़ई में जांच के बाद छात्रों को घर में सेल्फ क्वारंटीन रहने की हिदायत
राजस्थान के कोटा से वापस आएंगे जिले के शेष 121 विद्यार्थी
अमर उजाला ब्यूरो
बांसी। लॉकडाउन में राजस्थान के कोटा शहर में फंसे जिले के छात्रों के लौटने का सिलसिला रविवार को शुरू हो गया। शाम पांच बजे कोटा से दो बसों में 54 विद्यार्थी बांसी पहुंचे जहां डिड़ई के दशरथ चौधरी कॉलेज ऑफ फार्मेसी में बने क्वारंटीन हाउस में इन विद्यार्थियों को रोक कर स्वास्थ्य परीक्षण और रैपिड टेस्ट किया गया। सभी 54 विद्यार्थियों की जांच निगेटिव आई। डीएम दीपक मीणा और एसपी विजय ढुल ने इन विद्यार्थियों को घर में 14 दिन तक सेल्फ क्वारंटीन रहने की हिदायत देकर भेज दिया।
जिला अधिकारी दीपक मीणा के अनुसार राजस्थान के कोटा में सिद्धार्थनगर जिले के 175 विद्यार्थी लॉकडाउन में फंसे हुए थे। इन विद्यार्थियों केे छह बसों से जिले में वापस लाया जा रहा है जिनमें से रविवार देर शाम दो बसों में 54 विद्यार्थी पहुंचे जबकि जिले के शेष 121 छात्र आनेवाले हैं। डीएम ने इन सभी विद्यार्थियों की काउंसलिंग की। बताया कि रैपिड टेस्ट में निगेटिव आने का मतलब यह नहीं है कि आप कोरोना संक्रमण से मुक्त हैं। संक्रमित व्यक्ति हेल्दी कॅरियर हो सकता है यानी उसमें कोरोना के लक्षण नजर नहीं आते। यह लक्षण चौदह दिन में उभर सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को घर में ही सेल्फ क्वारंटीन रहने और माता-पिता या परिवार के अन्य सदस्यों से इस अवधि मेें नहीं मिलने की हिदायत दी। इस दौरान छात्रों के लिए पानी, फल, जूस के साथ ही भोजन की भी व्यवस्था की गई। इस दौरान एसपी विजय ढुल, सीएमओ डॉ. सीमा राय आदि मौजूद रहे।