फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सत्ता की सख्ती: संगठित अपराध करने वाले एजेंसी के रडार पर, कार्रवाई तेज

Wed, 27 May 2026 12:48 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
- नेपाल में बैठकर संगठित अपराध को अंजाम देने वालों पर शिकंजा, खुफिया एजेंसियां कमर तोड़ने में जुटीं
विज्ञापन

- सशस्त्र बल लोकल पुलिस के अलावा स्पेशल इंटेलिजेंस कर रही काम, नेपाल में बैठकर अपराध करने वाले निशाने पर
- साइबर, मादक पदार्थ और फर्जी नोट नेटवर्क निशाने, हाल के दिनों में बड़ी कार्रवाई

सिद्धार्थनगर। नेपाल में जेन-जी आंदोलन और तख्ता पलट के बाद अपराध करने वालों के खिलाफ एक्शन शुरू हो गया था। बालेंद्र शाह की अगुवाई वाली सरकार के सत्ता में आने के बाद संगठित अपराध करने वाले गिरोह और अपराधी पर शिकंजा कसा जा रहा है। इनमें भी भारत और अन्य राज्यों से जाकर शरण लेने वाले और वहां बैठकर साइबर ठगी, मादक पदार्थ की तस्करी, जाली नोट और संदिग्ध गतिविधि को संचालित करने वाले निशाने पर हैं।
नेपाल की सुरक्षा से जुड़े सूत्रों का कहना कि नेपाल में बैठकर अपराध करने और नाम सामने आने के बाद कहीं न कहीं देश पर सवाल खड़ा होता है। ऐसे में ऑपरेशन अपराध क्लीन पर काम किया जा रहा है। इसमें न सिर्फ लोकल पुलिस काम कर रही है बल्कि सशस्त्र पुलिस और स्पेशल इंटेलिजेंस को भी लगाया गया है। संयुक्त रूप से मिलकर संगठित अपराध को जड़ से समाप्त करने पर जोर है। नेपाल में संगठित अपराध पर हुई हालिया कार्रवाई में चोरी में पाकिस्तानियों की गिरफ्तारी के साथ ही जाली नोट, बड़ी मात्रा में चरस बरामदगी और यूपी के महराजगंज के ड्रग तस्करों से मुठभेड़ आदि शामिल हैं। वहीं, साइबर ठगी के खिलाफ भी बड़ा एक्शन लिया गया है।
विज्ञापन

-
नेपाल को बनाते हैं ठिकान
नेपाल संगठित अपराध करने वाले इसलिए टारगेट करते हैं कि वह सेफ जोन हैं। वहां पर कोई पूछताछ करने वाला नहीं है। होटल-लाज आसानी से मिल जाते हैं। आबादी दूर- दूर है और सबसे बड़ी बात यह है कि कोई किसी से मतलब नहीं रखता है। कौन आया? कौन गया? किसी से लेनादेना नहीं है, इसलिए होटल बुक कर लोग महीनों वहीं पड़े रहते हैं और मकसद पूरा होने के बाद निकल जाते हैं। विदेश होने के कारण भारतीय एजेंसी या पुलिस ट्रेस भी नहीं कर सकती है। इसलिए इसे सेफ जोन के रूप में प्रयोग करते हैं। अपराधिक घटनाओं में पकड़े गए लोगों से पूछताछ में अपराध की बात सामने आई है।

सीमावर्ती इलाके संवेदनशील
नेपाल की सीमावर्ती इलाका मधेश में आता है। दूसरे यहां जाने वाले बिहार से उत्तराखंड तक लगने वाले नेपाल के सीमावर्ती इलाके में ही ठिकाना बनाते हैं। वहां बाॅर्डर पर विशेष जांच नहीं होती है। जाने पर लोग भाषा को समझते हैं और ठहरने के लिए आसानी से होटल मिल जाता है। दूसरे सीमावर्ती इलाके में खाने की भी समस्या नहीं रहती है। क्योंकि, मधेशी इलाके के लोग बाजार के लिए भारतीय क्षेत्र में ही आते हैं। ऐसे में हर प्रकार से सीमावर्ती इलाका सुरक्षित रहता है। पूर्व में सुरक्षा एजेंसियों के हाथ लगे संदिग्ध नेपाल में सीमावर्ती इलाके में ही टिक कर अपराधिक मूवमेंट चलाने की बात कबूल चुके हैं। अलकायदा से जुड़ा अब्दुल करीब टुंडा हो या फिर बब्बर खालसा गिरोह से जुड़ा मलखान सिंह। ऐसे अनेकों संदिग्धों की पूछताछ में सीमावर्ती इलाके का कनेक्शन जुड़ा है, इसलिए यह संवेदनशील क्षेत्र है। अब संगठित अपराध पर अंकुश लगाने की कार्रवाई यहां पर देश विरोधी गतिविधियों पर प्रहार जैसा हो सकता है।

इस प्रकार से टीम कर रही काम
नेपाल में सुरक्षा से जुड़े लोगों के मुताबिक संगठित अपराध पर कार्रवाई करने के लिए जो मास्टर पर प्लान तैयार किया गया है। उसमें खुफिया एजेंसी अपने नेटवर्क को एक्टिव की है। इसमें ऐसे चेहरे को टारेगट कर रहे हैं, जो देखने में नेपाल के बाहर के हों। कई दिन या माह से लगातार दिख रहे हैं। एक समय पर निकलना और लोगों से मिलना हो। लग्जरी जीवन शैली जैसा पकड़ा जूता और होटल में खर्च करना हो। इसके अलावा कैसीनो का शौक या फिर नेपाल के संदिग्ध चेहरों और पूर्व में सक्रिय रहे अपराधियों पर नजर रखी जा रही है। एजेंसी के इनपुट के बाद सशस्त्र बल और लोकल पुलिस एक्शन लेते हुए कार्रवाई कर रही है।

नेपाल में संगठित अपराध पर कार्रवाई एक नजर
21 अप्रैल को सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नेपाली नकुल घर्ती, दिल कुमारी, मनीषा, दिल कुमारी घर्ती को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 14. 427 किलोग्राम चरस बरामद की गई है। जांच में पाया गया कि इन्होंने कुछ भारतीय लोगों को डिलिवरी के लिए बुलाया था। इस अपराध में वह लंबे समय से लिप्त रहें, यह बात पुलिस की जांच में सामने आई थी।

मुठभेड़ में पकड़े गए नशीले इंजेक्शन की तस्करी करने वाले
छह अप्रैल को भारत-नेपाल सीमा से सटे रूपन्देही जिले के भैरहवा क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। तस्करों को पकड़ने के दौरान हुई फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल की पहचान खुरहुरिया, रोहिणी गाऊं पालिका वार्ड संख्या-2 निवासी विशाल यादव के रूप में हुई है। फायरिंग के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल यादव के अलावा भारत के महराजगंज जिले के परसामलिक थाना क्षेत्र अंतर्गत बिसुनपुरवा गांव निवासी अरुण कुमार और विनय पांडेय को पकड़ा था जो 2200 एंपुल विभिन्न प्रकार के इंजेक्शन पकड़े गए थे।-
जाली नोट छापने वाला पकड़ा गया
नेपाल रूपन्देही जिले लुंबिनी सांस्कृतिक नगरपालिका क्षेत्र में नकली नोटों का कारोबार पर कार्रवाई की। जांच के दौरान 22 मई की रात करीब 11:15 बजे छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में इनकी पहचान भारत के सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना थाना क्षेत्र के ककरहवा के बगल झंगटी निवासी अब्दुल हमीद और रुपन्देही जिले के लुम्बिनी सांस्कृतिक नगरपालिका नंबर 11 मसिना निवासी अनिल पासी उर्फ विक्की के रूप में की गई। छापेमारी में आरोपियों के पास से 500 नेपाली रुपये के 30 नकली नोट, कुल 15 हजार नेपाली रुपये की नकली मुद्रा बरामद की। इसके अलावा नकली नोट छापने में इस्तेमाल किए जा रहे सात थान नेपाली 500 के अधछपे नोट, एक सीपीयू, एक प्रिंटर, एक मॉनिटर, चार रिम कागज, दो मोबाइल फोन और एक कैंची भी बरामद की गई।

ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले 20 सदस्य पकड़े गए
अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में रुपन्देही पुलिस की स्पेशल टीम ने दो अलग स्थानों पर छापा मारा। मौके से 20 भारतीयों को गिरफ्तार किया। जो ऑनलाइन सट्टा संचालित करने का काम करते थे। इसमें 23 चेकबुक, 25 एटीएम, 91 हजार रुपये नेपाली करेंसी, भारतीय पासपोर्ट, स्टांप पेपर, 10 लैपटॉप, बड़ी संख्या में आधार कार्ड और मोबाइल बरामद किए गए। पकड़े गए आरोपी गोरखपुर, गोंडा, बलिया, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, नेपाल के निवासी थे। यह लोग लंबे समय से इस धंधे में लिप्त थे और संगठित अपराध को अंजाम देते रहे थे।
विज्ञापन


बोले जिम्मेदार
पिछले कुछ समय से नेपाल में बैंक और वित्तीय संस्थाओं के माध्यम से सीधे-सादे नागरिकों को ऑनलाइन ठगी करने वाले व्यक्तियों को नेपाल पुलिस लगातार गिरफ्तार कर रही है। वर्तमान में नेपाल में किराये के कमरों में रहकर नकली नोटों का कारोबार और ऑनलाइन गेम फ्रॉड में संलग्न लोगों को भी गिरफ्तार किया जा रहा है। इसके लिए कई टीमें काम कर रही हैं। कपिलवस्तु सहित पूरे देश में पुलिस सक्रिय रूप से केवल ऑनलाइन ठगी ही नहीं बल्कि हर प्रकार के गैरकानूनी गतिविधियों में संलग्न व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
रिपेंद्र कुमार सिन्हा, कपिलवस्तु पुलिस के पुलिस नायब उपरीक्षक (डीएसपी) एवं प्रवक्ता
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें