खुनुवां। नेपाल में तिहार पर्व के मद्देनजर भारतीय फूलों के अवैध आयात पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सीमा पर निगरानी बढ़ने और विदेशी फूलों की बिक्री पर रोक से नेपाली फूलों को बाजार में जगह मिल रही है। इससे स्थानीय पुष्प किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने की उम्मीद है।
फ्लोरिकल्चर एसोसिएशन नेपाल (फैन) के अध्यक्ष राजेशभक्त श्रेष्ठ के अनुसार, इस वर्ष तिहार पर देशभर में करीब 45 से 50 लाख गेंदे की मालाओं की खपत होने का अनुमान है। इसकी पूरी मांग नेपाली फूलों से पूरी होने की संभावना है। वहीं, भाईटीका के लिए करीब दो लाख मखमली फूलों की मालाओं की मांग रहने का अनुमान है। नेपाल मखमली फूलों के उत्पादन में आत्मनिर्भर है। यहां से अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और यूरोपीय देशों में भी फूलों का निर्यात किया जाता है। इस वर्ष तिहार पर करीब 50 करोड़ रुपये के फूलों का कारोबार होने की उम्मीद है।
पिछले वर्षों में भारतीय फूलों के आयात से नेपाली किसानों को नुकसान उठाना पड़ता था। बाजार में भारतीय फूलों की उपलब्धता के कारण उन्हें अपनी उपज कम कीमत पर बेचनी पड़ती थी। कई बार उचित बाजार नहीं मिलने से फूल खेतों में ही खराब हो जाते थे। इस बार झापा, मोरंग, चितवन, नवलपुर, नुवाकोट और काठमांडो घाटी समेत कई जिलों में फूलों का अच्छा उत्पादन हुआ है।
सीमा पर बढ़ाई गई निगरानी
स्वदेशी फूलों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। सशस्त्र प्रहरी बल पिछले दो सप्ताह से भारतीय फूलों के अवैध आयात पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई कर रहा है। इसके अलावा प्लास्टिक की कृत्रिम मालाओं को भी जब्त कर नष्ट किया जा रहा है। कोल्ड स्टोर में छिपाकर रखे गए और सीमा शुल्क चोरी कर लाए गए फूलों पर भी नजर रखी जा रही है।
किसानों को मिले निशुल्क बिक्री स्थल
स्थानीय प्रशासन ने भी किसानों को राहत देने के लिए कदम उठाए हैं। काठमांडो महानगरपालिका समेत कई स्थानीय निकायों ने विदेशी फूलों और प्लास्टिक की कृत्रिम मालाओं की बिक्री पर रोक लगाई है। काठमांडो महानगरपालिका ने किसानों को सीधे उपभोक्ताओं तक फूल पहुंचाने के लिए भृकुटीमंडप, तीनकुने और बालाजू समेत 30 से अधिक स्थानों पर निशुल्क बिक्री स्थल उपलब्ध कराए हैं। इससे किसानों को बिचौलियों से राहत मिल रही है और उपभोक्ताओं को भी ताजे फूल उचित कीमत पर मिल रहे हैं।