संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी डाॅ. राजा गणपति आर. ने शुक्रवार को शोहरतगढ़ विकास खंड के गेहूं क्रय केंद्र वी पैक्स शोहरतगढ़ एवं खाद्य विभाग के क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने किसान संपर्क रजिस्टर का अवलोकन किया।
डीएम ने सचिव व क्रय केंद्र प्रभारी को निर्देश दिए कि गांव में जाकर किसानों से संपर्क कर गेहूं खरीद में प्रगति लाने का निर्देश दिया। लक्ष्य के सापेक्ष गेहूं खरीद का लक्ष्य दिया गया है।
लक्ष्य के सापेक्ष खरीदारी शत प्रतिशत होनी चाहिए। इसमें लापरवाही मिलने प संबंधित जिम्मेदार को कतई बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे में शासन द्वारा निर्धारित कीमत पर खरीदारी करें। यदि बिचौलियों से एक भी छटाक गेहूं की खरीदारी की सूचना मिलेगी तो संबंधित क्रय केंद्र प्रभारी के खिलाफ केस पंजीकृत कराकर जेल भेज दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि साहूकार बड़े पैमाने पर किसानों से कम कीमत पर गेहूं की खरीदारी करके गेहूं को डंप कर रहे है। ऐसे साहूकारों के यहां छापा मारा जाएगा। डंप गेहूं के संबंधित ठोस दस्तावेज नहीं मिलने पर उन्हें भी जेल भेजा जाएगा, जिससे किसानों का शोषण न होने पाए। निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी गोरख नाथ त्रिपाठी मौजूद रहे।