नगर पालिका सिद्धार्थनगर में दो और शेष 10 नगर निकायों में लगेंगी एक-एक प्रतिमाएं
स्वच्छ भारत मिशन शहरी, स्वच्छ सर्वेक्षण के संबंध में आयोजित बैठक में डीएम ने दी जानकारी
एक्शन प्लान बनाकर करें नगर निकायों में सफाई, सुबह नौ बजे तक हो जाए सफाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सभी नगर पालिका, नगर पंचायत में गौतम बुद्ध की 12 मुद्रा रूप में मेटल, गोल्डेन कलर की प्रतिमा लगाई जानी है। नगर पालिका सिद्धार्थनगर में दो तथा अन्य में नगर निकायों में एक-एक प्रतिमा लगेगी। ये बातें डीएम डॉ. राजागणपति आर ने कैंप कार्यालय में स्वच्छ भारत मिशन शहरी, स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के संबंध में हुई बैठक में कहीं।
डीएम ने नगर निकायों में स्थान चिह्नित कर प्रतिमाएं लगाने के निर्देश दिए। जिन चौराहों पर पहले से प्रतिमा लगी है उनमें कोई बदलाव नहीं होना है। उन्होंने निर्देश दिया कि अगली बैठक में सभी एक्शन प्लान बनाकर प्रतिभाग करेंगे। साथ ही नगर पालिका, नगर पंचायतों में चिह्नित स्थानों पर तिरंगा लगाने का निर्देश दिया।
नगर निकायों के व्यावसायिक स्थलों पर सुबह पांच बजे से कूड़ा उठाना शुरू करे, सात बजे के बाद कूड़ा उठान नहीं किया जाएगा। इससे पूर्व ही सफाई व्यवस्था पूर्ण करा लिया जाए। डोर टू डोर कूड़ा उठाने का समय सुबह नौ बजे तक पूर्ण होना चाहिए। सूखा कचरा एवं गीला कचरा अलग-अलग डालने हेतु लोगो को जागरूक करे। सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग न करने के लिए लोगो को जागरूक करने का निर्देश दिया। इस दौरान एडीएम उमाशंकर, परियोजना अधिकारी डूडा सुनीता सिंह उपस्थित रहे।
जिले की बेहतर रैकिंग के लिए करें कार्य
जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने स्वच्छ भारत मिशन शहरी, स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में जनपद को बेहतर रैकिंग प्राप्त करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया। कहा कि शासन द्वारा स्वच्छ भारत मिशन शहरी के तहत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की जाती है जिसमें जनपद को बेहतर प्रदर्शन कर रैंकिंग में सुधार करना है। नगर निकायों के सभी वार्ड में स्वच्छता चौपाल सप्ताह में एक बार आयोजित कराएं। जिसमें ब्रांड एंबेसडर, महिलाओं एवं बच्चों को शामिल किया जाए। नगर पंचायत, नगर पालिका के समस्त वार्डों में वार्ड स्वच्छता समिति बनाने तथा इसका बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो वार्ड अच्छा है उस वार्ड को स्वच्छता वार्ड लिखा जाए। जिस वार्ड का कार्य अच्छा होगा उसकी स्वच्छता समिति को पुरस्कृत किया जाएगा तथा उस वार्ड के सभासद को भी सम्मानित किया जाएगा।