शोहरतगढ़। विकास खंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को ग्राम रोजगार सेवक संघ की बैठक हुई। इसमें स्थाई नियुक्ति की मांग करते हुए सीएम को पत्र प्रेषित किया गया। कहा कि स्थाई नियुक्ति की मांग पूरी नहीं होती तो प्रदेश के रोजगार सेवक आंदोलन को मजबूर होंगे। मुख्यमंत्री आवास के समक्ष आत्मदाह की चेतावनी भी दी।
अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष विजय दुबे ने कहा कि सूबे की सरकार रोजगार सेवकों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। शिक्षामित्रों को स्थाई करने के बाद सरकार मांगों को पूरा करने में हीलाहवाली कर रही है, जबकि शिक्षामित्रों से प्रत्येक ग्राम पंचायतों में तैनात रोजगार सेवकों की योग्यता बेहतर है। ग्राम पंचायत अधिकारियों के साथ प्रत्येक रोजगार सेवक गांव के विकास कार्य में बराबर का योगदान देने के साथ-साथ सरकार के अन्य कार्यों को भी जिम्मेदारी के साथ पूरा कराने में योगदान देते हैं।
बावजूद रोजगार सेवकों को सिर्फ मासिक भत्ता ही मिल रहा है। महंगाई के इस दौर में इतने कम मानदेय में परिवार का भरण पोषण करना मुश्किल हो गया है। समय से मानदेय का भी भुगतान विभागीय लापरवाही के कारण न होने से रोजगार सेवकों की स्थिति और भी दयनीय हो गई है।
इसके बाद सभी रोजगार सेवकों ने सर्व सम्मति से निर्णय लेकर मुख्यमंत्री को डाक से भेजे गए पत्र में स्थाई नियुक्ति की मांग की है। मांगें न पूरा होने पर मुख्यमंत्री आवास के सामने परिजनों के साथ रोजगार सेवकों ने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
रोजगार सेवकों ने मुख्यमंत्री समेत मुख्य सचिव, कैबिनेट मंत्री, ग्राम्य विकास विभाग, प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास विभाग, प्रमुख सचिव गृह विभाग व डीएम को पत्र भेजा है। इस दौरान वीरेंद्र कुमार, अमर सहाय, सुनील कुमार, राधेश्याम प्रजापति, राजदेव, अंबिका प्रसाद, दीनदयाल, रामलगन, गिरजेश चौधरी, सुग्रीव, घनश्याम यादव, काशीराम यादव, संजय कुमार, योगेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।