उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ जिला इकाई ने आठ मांगों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन दिया। इसके बाद डीएम को ज्ञापन देकर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। संयोजक अश्वनीकर पाठक ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर पदोन्नति की जाए। सफाई कर्मचारियों को ग्राम प्रधान के अधीन तो रखा जाए लेकिन पे-रोल की व्यवस्था को समाप्त किया जाए। कर्मचारियों का अंतरजनपदीय स्थानांतरण करने के संबंध में निर्देश को जारी किया जाए।
सह संयोजक लालजी गौतम ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तरह सफाई कर्मचारियों को ग्रेड पे किया जाए। सफाई कर्मियों का वेतन बजट एक मद से ही किया जाए। शासन कर्मियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है, इसका प्रबल विरोध किया जाएगा। इस दौरान सह संयोजक राजू सिंह, राजेंद्र प्रसाद, जितेंद्र मौर्या, सोमनाथ, रमेश रावत, प्रेम कुश, बिंद्रावती, सुशील अंबेडकर, मूलचंद्र, दिनेश आदि मौजूद रहे।