सिद्धार्थनगर। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर सोमवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में युवा कल्याण विभाग की ओर से एक दिवसीय मैत्री फुटबाल प्रतियोगिता हुई। इसमें जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम ने शोहरतगढ़ को 4-3 से हराकर विजेता घोषित हुआ।
प्रतियोगिता का शुभारंभ क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक दल अधिकारी गंगा प्रसाद प्रजापति ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों को याद करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही देश की असली ताकत है और खेल युवाओं के चरित्र निर्माण का सशक्त माध्यम है।
प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न टीमों ने भाग लिया और पूरे दिन रोचक मुकाबले खेले गए। दर्शकों को खिलाड़ियों के शानदार खेल और अनुशासन का सजीव उदाहरण देखने को मिला। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला स्टेडियम टीम और शोहरतगढ़ टीम के बीच खेला गया, जो बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने पूरे जोश और रणनीति के साथ खेल का प्रदर्शन किया। निर्णय पेनाल्टी शूट-आउट के जरिए किया गया, जिसमें स्टेडियम टीम ने बेहतर संयम और सटीकता दिखाते हुए शोहरतगढ़ को 4-3 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों के सभी खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस दौरान कोच राज लक्ष्मी चौधरी, सुमन सिंह, देवेंद्र पांडेय, बलवंत यादव, नर्वदा, रामसोहन, ध्रुप नारायण, तौलन प्रसाद, मोल्हू प्रसाद मौजूद रहे।