अतिसंवेदनशील बूथों पर रहेगा एसएसबी जवानों का पहरा
अतिसंवेदनशील बूथों पर पीएससी और एसएसबी रहेगी तैनात
एक कंपनी एसएसबी और दो कंपनी पीएसी के जवान आएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। पंचायत चुनाव को निष्पक्ष और भयमुक्त संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहेगा। बाहर से लेकर बूथ तक सुरक्षा चौक-चौबंद रहेगी। इसमें अति संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा की कमान अर्धसैनिक बल और पीएसी के जवानों के हाथों में होगी। यहां उनका कड़ा पहरा रहेगा और शांति व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
जिले में पंचायत चुनाव के लिए मतदान 26 अप्रैल को होना है। भयमुक्त होकर लोग मतदान करें और अपने मताधिकार को प्रयोग कर सकें। इसके लिए पुलिस विभाग सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार करने में जुटी है। मतदान के लिए कुल 1263 केंद्र बने हैं। इसमें 3217 मतदेय स्थल हैं। इसमें संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर सुरक्षा का पुख्ता का इंतजाम किया जाएगा। हालांकि अभी किस मतदान केंद्र पर कितने सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे यह स्पष्ट नहीं है। मगर अति संवेदनशील केंद्रों पर सुरक्षा का सख्त पहरा रहेगा। इन केंद्रों के सुरक्षा की कमान एसएसबी और पीएसी के जवानों के जिम्मे होगी। जिले में निष्पक्ष मतदान कराने के लिए एक कंपनी एसएसबी और दो कंपनी पीएसी बाहर से चुनाव ड्यूटी में आएगी। इसके अलावा सिविल, थानों की पुलिस और गैर जनपद की पुलिस आएगी। अतिरिक्त फोर्स के लिए मांग भेज दी गई है। एएसपी सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि चुनाव को सकुशल और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहेगा। अति संवेदनशील और संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा का इंतजाम रहेगा।