सिद्धार्थनगर। रेलवे प्रशासन द्वारा अयोध्या धाम में आगामी कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए 05078/05077 गोण्डा-अयोध्या धाम-गोंडा मेला विशेष गाड़ी का संचालन करेगा।
गोंडा से नौ से 15 नवंबर तक तथा अयोध्या धाम से 10 से 16 नवंबर तक सात फेरों के लिए निम्नवत किया जाएगा। सिद्धार्थनगर से अयोध्या जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। वे सिद्धार्थनगर से ट्रेन से गोंडा और वहां से अयोध्या जाने वाली ट्रेन पकड़ सकेंगे।
सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन के अधिक्षक डीके उपाध्याय ने बताया कि जिले से होते हुए गोंडा के लिए सात जोड़ी ट्रेन का संचालन होता है। इससे कार्तिक पूर्णिमा पर ट्रेन से अयोध्या जाने वाले जिले के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि 05078 गोण्डा-अयोध्या धाम मेला विशेष गाड़ी गोंडा से 21.47 बजे प्रस्थान कर बरूआचक से 21.58 बजे, मोतीगंज से 22.07 बजे, झिलाही से 22.28 बजे, मनकापुर से 22.55 बजे, टिकरी से 23.15 बजे, नवाबगंज गोंडा से 23.25 बजे, कटरा से 23.36 बजे तथा रामघाट हाल्ट से 23.46 बजे छूटकर अयोध्या धाम रात में 12.00 बजे पहुंचेगी।
वापसी यात्रा में 05077 अयोध्या धाम-गोंडा मेला विशेष गाड़ी अयोध्या धाम से रात 12.45 बजे प्रस्थान कर रामघाट हाल्ट से 12.54 बजे, कटरा से 01.04 बजे, नवाबगंज गोंडा से 01.15 बजे, टिकरी से 01.25 बजे, मनकापुर से 02.25 बजे, झिलाही से 02.35 बजे, मोतीगंज से 02.58 बजे तथा बरूआचक 03.12 बजे छूटकर गोंडा 03.25 बजे पहुंचेगी। इस गाड़ी में डेमू के छह कोच लगाए जाएंगे।