सिद्धार्थनगर। ‘संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ’ सप्ताह के तहत बृहस्पतिवार को सपा कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष लालजी यादव की अगुवाई में पूर्व सांसद भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी, डुमरियागंज विधायक सैयदा खातून समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर धरना दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंक दिया। पुलिस ने पुतला जलाने से रोकने का प्रयास किया तो कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच पुतले को लेकर काफी देर तक खींचतान हुई। इसी बीच कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगा दी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित किया। पुतला जलाए जाने के दौरान कुछ देर के लिए कलेक्ट्रेट गेट पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
सपा कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने कहा कि पार्टी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जिससे लोग मताधिकार से वंचित हुए हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
लालजी यादव ने भाजपा सरकार पर महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर भी निशाना साधा। कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक अनिल सिंह, विजय पासवान, कमाल अहमद खां, चौधरी अमर सिंह, उग्रसेन प्रताप सिंह, मोनू दुबे, बेचई यादव, प्रदीप पथरकट, मोहम्मद इदरीश आदि माैजूद रहे।