कृषकों के समर्थन में किसान यात्रा निकालेगी सपा
सात दिसंबर को कृषि कानून के विरोध में आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सपा के जिला कार्यालय पर शनिवार को जिला इकाई की बैठक में शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर सात दिसंबर को किसान बिल के विरोध में प्रदेश व्यापी किसान यात्रा को सफल बनाने के लिए रणनीति बनी। तहसील स्तर पर सबको जिम्मेदारियां सौंपी गई। जन आंदोलन को गांव-गांव में किसानों से संपर्क कर इस जनविरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यसभा सदस्य आलोक तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी और किसान विरोधी नीतियों के कारण पूरे देश और प्रदेश में हाहाकार मचा हुआ है, महंगाई चरम सीमा पर है। किसान अपने हक और अधिकार के लिए संघर्ष कर रहा है। बीजेपी सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली है। किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य नहीं मिल रहा है। साधन सहकारी समितियों पर कहीं भी तौल नहीं हो रही है। कार्यकर्ता किसान आंदोलन को गांव-गांव चलाकर तेज करेंगे और जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंककर ही दम लेंगे। कार्यक्रम को उग्रसेन प्रताप सिंह, वीरेंद्र तिवारी, अफसर हुसैन रिजवी, घिसियावन यादव, मोहम्मद जमील सिद्दीकी, सरफराज भ्रमर, अनूप यादव, चंद्रमणि यादव ने भी संबोधित किया। इस दौरान अजय यादव, जोखन प्रसाद चौधरी, तोताराम वर्मा, विजय यादव, सोनू यादव, अंबिकेश श्रीवास्तव, विशंभर लाल श्रीवास्तव, अनूप त्रिपाठी, अमित यादव मौजूद रहे।