पूंजीपतियों को खेती में प्रवेश कराना चाह रही सरकार
इटवा कस्बे में हुई सपा की सेक्टर बैठक में बोले माता प्रसाद पांडेय
संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा। किसान बिल के सहारे केंद्र की भाजपा सरकार पूंजीपतियों को खेती में प्रवेश कराना चाह रही है। इससे छोटी जोत के किसान व कम पूंजी वाले आढ़ती समाप्त हो जाएंगे। मगर सपा ऐसा नहीं होने देगी। ये बातें बुधवार को इटवा कस्बे में अपने आवास पर आयोजित सेक्टर व बूथ प्रभारियों की बैठक में सपा नेता माता प्रसाद पांडेय ने कहीं।
उन्होंने कहा कि आज इस सरकार में सबसे अधिक शोषण किसानों का हो रहा है। उनकी उपज की खरीद घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम पर हो रही है। तो वहीं तहसील कार्यालय, विकास खंड व थाने भाजपा कार्यकर्ताओं के इशारे पर चलाए जा रहे हैं। ऐसे में गरीबों असहायों का जबरदस्त धनादोहन हो रहा है। मगर सत्ता में बैठे लोगों को कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। सपा के लोग चुप बैठने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आज सत्ता में बैठे लोग गांवों में दूसरे दलों के कार्यकर्ताओं को निकट भविष्य में होने वाले ग्राम, क्षेत्र व जिला पंचायत चुनावों में हराने की धमकी दे रहे हैं। पर इनकी धमकियों से डरने की जरूरत नहीं है। बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से इनका पुरजोर मुकाबला किया जाएगा। इस अवसर पर सपा नेता बेचई यादव, अजय चौधरी, कमरुज्जमां खान, तौलेश्वर निषाद, उदयभान तिवारी, केके चौधरी, देवेंद्र सिंह, अमित दूबे, सुशील तिवारी, सुरेश पांडेय, बबलू खान, रामपाल शुक्ल, रमेंद्र सिंह, हमीद, भोला यादव, नईम, अजमल, हरिप्रकाश, सतेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।