सपा कार्यालय में साइकिल यात्रा की सफलता के लिए आयोजित हुई थी बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सपा कार्यालय में जिला कार्यसमिति की बैठक में बृहस्पतिवार को जिलाध्यक्ष लालजी यादव और जिला महासचिव कमरूज्जमा आमने-सामने आ गए। महासचिव कमरूज्जमा ने संबोधन के दौरान जब उन्हें बैठक एवं कार्यक्रम की सूचना नहीं मिलने की बात उठाई तो जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने उन्हें टोकते हुए बैठने के लिए कहते हुए कुर्सी से उठ गए। कहासुनी के बीच वहां मौजूद प्रदेश सचिव अजय चौधरी समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव करते हुए मामले को शांत कराया।कार्यालय के अंदर हंगामा के दौरान माहौल गर्म हो गया था। इसकी चर्चा बाहर होने लगी।
सपा कार्यालय में सात अक्तूबर को जिले में आने वाली साइकिल यात्रा की सफलता के लिए बृहस्पतिवार को जिला कार्यसमिति की बैठक हो रही थी। इस बीच सपा नेता तैयारियों पर मंथन कर रहे थे। तभी पार्टी के जिला महासचिव कमरूज्जमा ने अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष लालजी यादव पर पिछले कई दिनों से उनका फोन नहीं उठाने का आरोप लगाया। जिस पर भड़के जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने उन्हें कड़े तेवर में बैठने के लिए कहा। इसका प्रतिरोध करने पर जिलाध्यक्ष लालजी यादव खड़े हो गए। दोनों तरफ से तेज आवाज में बहस होने पर माहौल गर्म हो गया।
दोनों पदाधिकारियों के बीच में बैठे प्रदेश सचिव अजय चौधरी समेत अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद शाम तक बैठक में जिलाध्यक्ष और महासचिव के बीच गर्मागर्म बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।
बैठक में इंद्रासना त्रिपाठी, विभा शुक्ला, वीरेंद्र तिवारी, अनूप यादव, बहरैची प्रसाद, कमाल अहमद, उदयभान तिवारी, देवेंद्र सिंह, अनिरुद्ध यादव, जोखन चौधरी, सत्यानंद सिंह व अब्दुल कलाम सिद्दीकी मौजूद रहे।
दोनों पदाधिकारियों ने विवाद नहीं होने की बात कही
जिला महासचिव कमरूज्जमा का कहना था कि बैठक में साइकिल यात्रा कार्यक्रम की सफलता के लिए आपसी समन्वय के संबंध में बात उठी थी। इसको हमने पार्टी के उचित फोरम में उठाया था, कोई विवाद नहीं हुआ है। वहीं, जिलाध्यक्ष लालजी यादव भी किसी तरह का विवाद होने से नकारते हुए कहा कि बैठक में लोग अपनी बात कहते हैं और हम अपनी बात कहते हैं। फोन नहीं उठाने की बात थी, जिसका कारण नेटवर्क और मोबाइल खराब होने की समस्या रही। बैठक में हंगामा नहीं हुआ।
सात को जिले में आएगी साइकिल यात्रा
बैठक में बताया गया कि लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक यादव के नेतृत्व में जिले में तीन दिवसीय साइकिल यात्रा कार्यक्रम होनी है। सात अक्तूबर को जिले में उसका से प्रवेश करने वाली साइकिल यात्रा जिला मुख्यालय से बांसी, डुमरियागंज और इटवा होते हुए बलरामपुर जिले के गैसड़ी विधानसभा में प्रवेश करेगी। बैठक में तीन दिवसीय साइकिल यात्रा की सफलता के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई।