सिद्धार्थनगर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को डुमरियागंज तहसील परिसर में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिजली कटौती, किसानों को डीजल की उपलब्धता में आ रही समस्याओं और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है और किसानों को खेती-किसानी के लिए डीजल व अन्य संसाधनों की उपलब्धता में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक सैय्यदा खातून ने कहा कि डुमरियागंज क्षेत्र में हो रही भीषण बिजली कटौती से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
प्रदर्शन के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में जनहित से जुड़े मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने और आम जनता को राहत देने की मांग की गई। चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी।