प्रदेश सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सपा की साइकिल रैली रविवार को आरंभ हुई। दस दिवसीय रैली के पहले दिन दिग्गजों ने भी साइकिल चलाई। रैली में शामिल कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करेंगे।
सदर विधानसभा क्षेत्र की साइकिल रैली को उसका टेंपो स्टैंड चौराहे से विधायक विजय पासवान ने झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक खुद भी साइकिल पर सवार होकर गांवों तक पहुंचे। रैली से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक विजय पासवान ने कहा कि जब से प्रदेश में सपा की सरकार बनी है, प्रदेश में चहुंमुखी विकास हुआ है। गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चल रही हैं।
केन्द्र सरकार के असहयोग के बावजूद भी प्रदेश में विकास की रफ्तार नहीं रुकी। इसका श्रेय मुलायम सिंह यादव के देख-रेख में युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व को जाता है। रैली में कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष जोखन चौधरी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दयाराम लोधी, अयोध्या साहू, संजय, शैलेन्द्र, राजू यादव, हरिराम यादव, लवकुश साहनी आदि शामिल रहे ।
बांसी। सपा की नीतियों व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव पहुंचाने के लिए प्रदेश नेतृव के आह्वान पर पूर्व विधायक लालजी यादव के नेतृत्व में बांसी विधानसभा क्षेत्र के पश्चिमी सीमा जीवपुर गांव से पार्टी कार्यकर्ताओं ने साइकिल यात्रा निकाली।
साइकिल यात्रा रवाना होने से पूर्व ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक लालजी यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने समाज के हर वर्ग के विकास का काम किया है। इस सरकार ने गरीब, मजदूर, किसान को उनका वाजिब हक दिया है।
समाज के अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कर रहे हैं। इसके बाद जीवपुर से साइकिल रैली शुरू होकर गोल्हौरा पहुंची। रैली में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मो.इद्रीश पटवारी, ब्लाक प्रमुख बांसी सुरेंद्र यादव, ब्लाक प्रमुख मिठवल प्रतिनिधि हैदर अली, प्रमोद अग्रहरि, कपिलदेव त्रिपाठी, माहताब आलम सन्नू, ओम प्रकाश त्रिपाठी आदि शामिल रहे।