इटवा। स्थानीय थाना क्षेत्र के गुलरिया गांव में बुधवार की देर रात एक व्यक्ति ने अपने पिता को फावड़े से काटकर मार डाला। खून से लथपथ हाल में छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या का कारण भूमि बेचने का विवाद से बताया जा रहा है। वहीं, पुलिस आरोपी की धर-पकड़ में जुट गई है।
क्षेत्र के गुलरिहा गांव निवासी हकीकुल्लाह (75) पुत्र जिकरी के तीन बेटे हैं। संपत्ति को लेकर तीनों बेटे में विवाद चल रहा था। लोगों के मुताबिक हकीकुल्लाह अपनी छह बीघा खेती की भूमि बेचने के लिए किसी से बयाना लिया था। भूमि से मिलने वाले पैसे को वह मुंबई में रह रहे बड़े बेटे को किसी धंधे में लगाने के लिए देना चाह रहा था। इसे लेकर काफी दिनों से पिता व पुत्र में विवाद चल रहा था। बुधवार की रात छोटा बेटा गांव में कहीं वीडीओ (पर्दे पर दिखाई जाने वाली फिल्म) देखने गया हुआ था। घर पर हकीकुल्लाह व उसका मंझला बेटा अफसर अली (30) मौजूद थे।
देर रात लगभग 10 बजे दोनों एक ही चारपाई पर बैठे हुए थे। इसी दौरान अफसर अली ने पिता से जमीन नहीं बेचने की बात की, जिस पर उसने मना कर दिया। उसने गुस्से में आकर बगल में रखा फावड़ा उठाया और कई बार पिता पर प्रहार कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, खून से लथपथ हालत में पिता को छोड़कर फरार हो गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष इटवा रणधीर कुमार मिश्र का कहना है कि हत्या में प्रयोग की गई कुदाल बरामद कर ली गई है और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बेटे ने फावड़े से प्रहार कर पिता की हत्या कर दी है। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।