भारतभारी। डुमरियागंज ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम जमौती-जमौता को 2009-10 में अंबेडकर ग्राम घोषित किया गया था। उसी वर्ष 14 लाख की लागत से आंबेडकर सामुदायिक केंद्र का निर्माण हुआ। अव्यवस्था के कारण आज तक एक भी बरात यहां पर नहीं ठहर सकी।
गांव के लोंगों का कहना है कि भवन बनने के बाद से आज तक कोई बारात नहीं ठहराई गई है। शुरू से ही इस पर दबंगों का कब्जा रहा है। मेज, कुर्सी व पंखे भी उठा ले गए हैं। केंद्र का उपयोग गांव के ही कुछ लोग अपनी कृषि उपज आदि रखने में कर रहे हैं। वर्तमान में भवन की हालत यह है कि गेट, खिड़की, दरवाजा, छत, फर्श पूरी तरह से जर्जर हो चुके हैं। गांव के जग नारायण, हयतुल्लाह, घनश्याम, राम अजोरे, सर्वजीत, फूलचंद्र ने सामुदायिक केंद्र की मरम्मत करवाने के मांग की है। इस संबंध में बीडीओ डुमरियागंज अमित सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी लेकर मरम्मत का कार्य करवाया जाएगा।