डुमरियागंज में खीरामंडी के पास धू-धूकर जलता ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
डुमरियागंज। नेपाल में सामान गिराकर लौटा ट्रक शुक्रवार को अचानक धू-धूकर जलने लगा। यह हादसा डुमरियागंज खीरामंडी के पास हुआ। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोंडा के सादुल्लाह नगर क्षेत्र के रमवापुर गांव का ट्रक ड्राइवर सुभाषचंद्र यादव शुक्रवार की सुबह सहजनवां के गीडा औद्योगिक क्षेत्र से आयरन डेस्क लादकर नेपाल के भैरहवां गया हुआ था। वहां से माल उतारकर वह वापस आते समय शाम करीब 3 बजे नगर के खीरामंडी चौराहे के पास पेट्रोल पंप के सामने रुक गया। ट्रक खड़ा कर सुभाष एक मोटर पार्ट की दुकान पर बकाया रुपया देने चला गया।
इसी दौरान ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक धू-धूकर जलने लगा। बीच सड़क ट्रक जलने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे फायर सर्विस के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत से आग बुझाई। इस संबंध में डुमरियागंज थाने के एसआई रविकांत मणि ने बताया कि घटना घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। आग कैसे व किन परिस्थितियों में लगी इसकी छानबीन की जा रही है।