सीताराम हत्याकांड के आरोपी गिरफ्तार
शिकायत करने गए पिता की पीटकर हुई थी हत्या
लोटन पुलिस ने सहिला मोड़ से गिरफ्तार किया
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर/लोटन। सीताराम हत्याकांड में शामिल सभी छह आरोपियों को लोटन पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह क्षेत्र के सहिला गांव के मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सभी को जेल भेज दिया गया है।
एसओ लोटन रामअशीष यादव ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव में 16 फरवरी को लड़की को बंधक बनाने के मामले में युवक के घर शिकायत करने गए पिता की पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में लड़की के परिवार के लोगों की तहरीर पर हत्या, बलवा सहित अन्य मामले में केस दर्ज करके आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी थी। बृहस्पतिवार को सूचना मिली के सभी छह आरोपी सहिला गांव के मोड़ के पास मौजूद हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं। सूचना को संज्ञान में लेते हुए एसआई उमेश सिंह के साथ बताए हुए स्थान पहुंच गए। घेराबंदी करके आरोपी रवि उर्फ बरखू, अखिलेश, जोखू, रामनाथ, झीनक उर्फ सोमनाथ, महंगू को गिरफ्तार कर लिया गया। थाने पर लाकर पूछताछ करके बाद सभी को जेल भेज दिया गया।