संवाद न्यूज एजेंसी
लोटन। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य महकमे की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां महिला चिकित्सक के स्थान पर दूसरा व्यक्ति ओपीडी कर मरीजों का इलाज करते पाया गया है। जो महिला डॉक्टर का भाई बताया जा रहा है। सीएचसी अधीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने सरकारी लोक सेवक के पद का गलत इस्तेमाल करने की धारा में केस दर्ज कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया और महिला चिकित्सक से पूछताछ की तैयारी में है। जबकि सीएचसी अधीक्षक अमित चौधरी का कहना है कि सोमवार को संबंधित महिला चिकित्सक अवकाश पर थी। सीएचसी लोटन में एक डॉक्टर की कुर्सी पर बैठकर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा मरीजों को दवा लिखने का मामला सामने आया।
घटना शनिवार की बताई जा रही है। इस मामले में अधीक्षक अमित चौधरी ने अपनी तहरीर में कहा कि वह शनिवार को क्षेत्र भ्रमण पर गए थे। उसी दौरान एक व्यक्ति डाॅक्टर की कुर्सी पर बैठकर मरीजों की पर्ची लेकर दवा लिखने लगा।
इसका वीडियो वायरल होने के बाद सीएमओ के निर्देश पर उसके खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई कराने पर पुलिस ने उसके खिलाफ केस पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसके साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष डीके सरोज का कहना है कि सीएचसी अधीक्षक अमित चौधरी की तहरीर के आधार पर केस पंजीकृत कर लिया गया है। सभी पक्षों से पूछताछ व जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। ो