सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाने में शनिवार को थाना समाधान का आयोजन किया गया। डीएम, एसपी व एसडीएम के समक्ष एक महिला पहुंची। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र की रहने वाली सुनीता ने ससुर पर हिस्सा न देने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया। उसने न्याय की गुहार लगाई।
सुनीता ने बताया कि उसके पति विश्वंभर की मौत लगभग 10 वर्ष पहले हो गई थी। तबसे वह अपने ससुर रामधनी से मकान व खेत में हिस्से की मांग कर रहे है। लेकिन, वह हिस्सा देने को तैयार नहीं हैं। सुनीता ने आरोप लगाया कि उसके ससुर खेत बेच भी रहे हैं। उससे मिलने वाली रकम अपने दो पुत्रों में केवल एक को ही दे रहे हैं। पीड़िता ने डीएम से हिस्सा दिलवाने की मांग की। डीएम संजीव रंजन ने एसडीएम प्रदीप कुमार यादव व एसएचओ छत्रपाल सिंह से दोनों पक्षों को बुलाकर समाधान करवाने का निर्देश दिया।
इस दौरान बांसी थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी संतोष त्रिपाठी ने तहरीर देकर बताया कि उनकी पुश्तैनी जमीन ढेबरुआ थाना क्षेत्र के पकड़िहवा में भी है। उस पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। लगभग नौ वर्ष से हम कब्जे के लिए दौड़ रहे हैं। तीन वर्ष पूर्व विपक्षियों के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज भी हुआ था। डीएम ने एसडीएम को जमीन की पैमाइश का निर्देश दिया। थाना परिसर में मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी देख डीएम ने एसडीएम व एसएचओ से खनन करने वालों के खिलाफ गुंडा व गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई करने और खनन माफिया घोषित करने का निर्देश भी दिया। इस दौरान एसएचओ छत्रपाल सिंह, रामगति, अजीत यादव आदि मौजूद थे।
फोटो
गांव की समस्या का गांव में ही हो निस्तारण
सिद्धार्थनगर। बढ़नी ब्लाॅक के खजुरिया शर्की में चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में व्यक्तिगत शौचालय, प्रधानमंत्री आवास, वृद्धा,विधवा व दिव्यांग पेंशन,राशन कार्ड की समस्याएं अधिक आईं। जिसका तत्काल निस्तारण करने का आदेश दिया गया। गांव की मुनारनिशा,ऊषा पांडेय, बुटुना, सुशीला, सोनी, बशसन्नू, कलावती, इन्द्रानी, मीना आदि ने शौचालय का पैसा न मिलने की शिकायत की। वहीं सुनीता, पूनम, गुजराती, शहनाज़ बानो, बरसाती, नूर आलम, मैमुन्निशा ने प्रधानमंत्री आवास नहीं मिलने की शिकायत की। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि गांवों में बहुत से ऐसे लोग हैं जो ब्लाॅक, तहसील व जिला मुख्यालय पर अपनी समस्याओं के लिए नहीं जा सकते थे। इसीलिए सरकार ने गांव में चौपाल लगाने का फैसला किया। इस दौरान एसपी अभिषेक कुमार अग्रवाल, एसडीएम प्रदीप कुमार यादव, रामू प्रसाद, बढ़नी चेयरमैन सुनील अग्रहरि, डाॅ. अविनाश यादव, सूर्य प्रकाश पांडेय, नर्वदेश्वर मणि त्रिपाठी, सुरेन्द्र कुमार, नूरजहां, हामिद हसन, रिंकू चौधरी, शिवा तिवारी, राजीव यादव, शीला पटेल मौजूद रहे।