भारतभारी। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत भारतभारी के मोतीगंज चौराहा पर मंगलवार की रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार गणेश (19) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के चाचा मनोज गौड़ की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की करवाई में लगी है।
जानकारी के अनुसार, बस्ती जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र के परसोहिया गांव निवासी गणेश (19) पुत्र दिलीप कुमार मोतीगंज से अपने गांव लौट रहा था। अभी मोतीगंज स्थित पुलिस चौकी के पास पहुंचा था कि एक ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी तेज हुई कि बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। उसकी पहचान परसोहिया निवासी गणेश पुत्र दिलीप कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिलीप कुमार के दो पुत्र हैं। गणेश सबसे छोटा पुत्र था। दिलीप कुमार का परसोहिया चौराहा पर एक होटल है। वहीं, गणेश आरओ प्लांट चला रहा था।
डुमरियागंज थाना के अपराध निरीक्षक सत्यदेव प्रसाद ने बताया कि चाचा की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।