इटवा। क्षेत्र के रानीजोत बेलघटिया गांव में मंगलवार को बरात जाने की पूरी तैयारी के बीच दुल्हा ही अचानक लापता हो गया। बरात जाने से ठीक पहले अपने चचेरे भाई को मैसेज कर शादी से इन्कार कर दिया और कहीं चला गया। इससे जहां लड़की पक्ष में मायूसी और चिंता फैल गई, वहीं लड़के के परिजन भी उसके इस कदम से स्तब्ध हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बीरवापुर के राजस्व ग्राम रानीजोत बेलघटिया निवासी बब्बन के 20 वर्षीय बेटे शनि की शादी इटवा थाना क्षेत्र के नेबुअवा गांव में तय थी। दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और घर में खुशी का माहौल था। ग्राम प्रधान विजय यादव के मुताबिक, शनि खुद शादी को लेकर उत्साहित था और बैंड-बाजा व अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ले रहा था। लेकिन बरात निकलने से ठीक पहले उसने अपने चचेरे भाई को व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर शादी से इंकार कर दिया और कहीं चला गया।
मैसेज मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने जब इसकी जानकारी लड़की पक्ष को दी तो वहां भी खुशी का माहौल पल भर में सन्नाटे में बदल गया। जहां शादी के गीत गूंज रहे थे, वहीं अचानक मायूसी छा गई।
इटवा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि युवक के अचानक लापता होने की सूचना मिली है। उसने व्हाट्सएप के जरिये शादी से इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक की तलाश की जा रही है।