बेर के पेड़ पर चढ़ी किशोरी करंट से झुलसी, मौत
शिवमंदिर में पूजा की तैयारी के लिए बेर तोड़ने गई थी रेखा
कठेला जनूबी गांव के टोला केवटहिया डीह भोजवार में हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
परसा। ढ़ेबरूआ थाना क्षेत्र के कठेला जनूबी गांव के टोला केवटहिया डीह भोजवार में बुधवार को एक 15 वर्षीय किशोरी की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वह पेड़ पर चढ़ी थी, तभी करंट की चपेट में आ गई और मौत हो गर्ई।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के कठेला जनूबी गांव के टोला केवटहिया डीह भोजवार निवासी रेखा (15) पुत्री बहादुर बुधवार की दोपहर दो बजे गांव के ही एक पेड़ पर बेर तोड़ने के लिए चढ़ी थी। बताया जा रहा है कि पेड़ से हाईवोल्टेज तार गुजरा हुआ था। बेर तोड़ते समय वह करंट की चपेट में आ गई। इससे वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा पहुंचाया गया जहां हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।