डुमरियागंज में निष्ठा प्रशिक्षण पर उठे सवाल
बेसिक शिक्षा विभाग का कारनामा, डीएम ने दिए जांच के आदेश
विधायक की शिकायती पत्र पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। निष्ठा कार्यक्रम योजना के तहत विकास खंड डुमरियागंज में अध्यापकों के नाश्ता और भोजन के लिए प्राप्त हुए धनराशि को बिना निविदा के ही खर्च कर लिए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने एसडीएम डुमरियागंज को इसकी जांच कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने का आदेश जारी किया है।
डुमरियागंज के विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह और समाजसेवी रमेश लाल श्रीवास्तव ने आरोप लगाया था कि बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से चल रहे निष्ठा प्रशिक्षण कार्यक्रम की मद में आई 17.36 लाख रुपये की धनराशि का उपभोग बगैर निविदा आमंत्रित किए ही किया जा रहा है। इन लोगों ने इसकी लिखित शिकायत भी की थी। शिकायती पत्र के मुताबिक डुमरियागंज विकास खंड में निष्ठा कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण में आने वाले अध्यापकों के नाश्ते और भोजन के लिए कुल 17. 36 लाख रुपये मिले थे, जिसे विभागीय अधिकारियों की ओर से बिना निविदा आमंत्रित किए मनमाने तरीके से खर्च किया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने 24 घंटे में मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी को आदेश जारी किया है।