चिलुआताल इलाके में राप्ती नदी पर बने रेलवे पुल के नीचे मिला महिला का शव
अमर उजाला ब्यूरो
जगतबेला (गोरखपुर)। चिलुआताल इलाके में मुहम्दपुर माफी गांव के पास राप्ती नदी पर बने रेलवे पुल के नीचे रविवार को एक महिला का शव मिला। आस-पास के लोगों का कहना है कि ट्रेन से गिरकर महिला की मौत हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पास से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान सिद्धार्थनगर की प्रमिला (22) के रूप में हुई।
मजनू चौकी की पुलिस की सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता सिद्धार्थनगर उदयपुर जोगिया निवासी दिनेश लोधी ने शव की पहचान की। उन्होंने बताया कि मेरी बेटी प्रमिला की शादी जिला सिद्धार्थ नगर थाना उस्का ग्राम मंझरिया निवासी मुकेश कुमार के साथ दो वर्ष पूर्व हुई थी। बेटी अपने ससुराल में ही रह रही थी। वह ट्रेन से कहां जा रही थी, इसकी जानकारी मृतका के पति एवं ससुराल के लोगों से ही मिलेगी। पुलिस ने बताया कि चलती ट्रेन से गिरने की वजह से पुल के गर्डर से टकरा कर मृतका के पूरे शरीर में काफी चोटें आई थीं।