- जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
भनवापुर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कठौतिया गोकुल गांव में पुरानी बातचीत को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एक व्यक्ति पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने, गाली-गलौज और लाठी-डंडे से हमला करने का आरोप लगाया है। मारपीट में उसका सिर फट गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कठौतिया गोकुल निवासी ओमप्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 अक्तूबर की शाम करीब पांच बजे वह मन्नीजोत चौराहे से घर जा रहा था। आरोप है कि कठौतिया गोकुल चौराहे के पास महनुआ निवासी इन्साफ अली ने पुरानी बातचीत को लेकर उसे रोक लिया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं। पीड़ित के अनुसार, शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया।
पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।