- जमुआर पुल के पास देर रात हुआ हादसा, मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
शोहरतगढ़। चिल्हिया थाना क्षेत्र के चिल्हिया-पल्टादेवी मार्ग पर जमुआर पुल के पास शुक्रवार देर रात पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से एंबुलेंस के जरिए उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, चिल्हिया थाना क्षेत्र के गंगाराम महादेव गांव निवासी सुभाष शुक्रवार शाम बाइक से पल्टादेवी की ओर जा रहे थे। वह जमुआर पुल के पास पहुंचे ही थे कि पल्टादेवी की तरफ से आ रहे पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सुभाष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायल को देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने राहगीरों की मदद से एंबुलेंस के जरिये उन्हें जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां उनका उपचार चल रहा है।
इस संबंध में चिल्हिया थानाध्यक्ष पवन कुमार मौर्य ने बताया कि घटना की जानकारी है। घायल युवक का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। बाइक और पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। पीड़ित की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।