- कस्टम से बचने के लिए टाटा सूमो की छत पर रखे बोरे में छिपाए थे मोबाइल, करीब दो लाख रुपये की खेप बरामद
कपिलवस्तु। नेपाल के रौतहट जिले में कस्टम से बचाकर भारत से नेपाल लाए जा रहे 12 मोबाइल फोन के साथ बिहार के सीतामढ़ी निवासी अमरनाथ को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार मोबाइल यात्री टाटा सूमो की छत पर रखे आलू के बोरे में छिपाकर ले जाए जा रहे थे। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है।
जिला पुलिस कार्यालय रौतहट की बॉर्डर एक्शन टीम और कस्टम सिक्योरिटी गार्ड की संयुक्त टीम ने सोमवार को सूचना के आधार पर गौर नगरपालिका-1 स्थित कस्टम कार्यालय के गेट के सामने वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक यात्री टाटा सूमो को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान वाहन की छत पर रखे आलू के बोरे के अंदर 12 मोबाइल फोन छिपे मिले। मोबाइल से संबंधित आवश्यक कस्टम दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने उन्हें बरामद कर वाहन सवार भारतीय नागरिक को हिरासत में ले लिया।
जिला पुलिस प्रवक्ता डीएसपी बसंत गौतम के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बिहार के सीतामढ़ी जिले के असोगी गांव वार्ड-4 निवासी 41 वर्षीय अमरनाथ चौधरी के रूप में हुई है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी अमरनाथ चौधरी और बरामद मोबाइल को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए गौर कस्टम कार्यालय, रौतहट को सौंप दिया है। पुलिस और कस्टम अधिकारी मोबाइल के स्रोत, उन्हें नेपाल ले जाने और कस्टम जांच से बचाने के तरीके की जांच कर रहे हैं।