भनवापुर। त्रिलोकपुर क्षेत्र के कुसम्ही तैय्यबपुर गांव में बृहस्पतिवार को सुबह करीब 10 बजे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने शुभम मिश्र (18) छत से सीसी रोड पर गिर गया।
निर्माणाधीन मकान में वह सामान पकड़वा रहा था। हादसे के बाद उसे बेवां सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देख डाॅक्टरों ने उसे बस्ती के लिए रेफर कर दिया। बस्ती ओपेक कैली अस्पताल में पहुंचते ही उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, त्रिलोकपुर क्षेत्र के कुसम्ही तैय्यबपुर गांव निवासी श्यामजी मिश्र अपना मकान बनवा रहे हैं। पहली मंजिल बनकर तैयार हो गई है और दूसरी मंजिल का काम चल रहा है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे श्यामजी मिश्र का बड़ा बेटा शुभम मिश्र (18) पहले मंजिला पर खड़ा होकर मजदूरों को कुछ सामान पकड़ा रहा था।
इस दौरान वह बगल से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। वह पहली मंजिला से नीचे सीसी रोड पर गिरकर बुरी तरह से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल सीएचसी बेंवा ले गए, जहां डाॅक्टरों ने उसे तत्काल बस्ती के लिए रेफर कर दिया।
परिजनों के मुताबिक बस्ती के ओपेक कैली अस्पताल पहुंचते ही शुभम ने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत के बाद पिता श्यामजी मिश्र, माता बीना व भाई शिवांग मिश्र का रो-रोकर बुरा हाल है। समाचार लिखे जाने तक शव को लेकर परिजन घर नहीं पंहुचे थे।
इस संबंध में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर रामदेव ने बताया कि हादसे की जानकारी नहीं है। अगर परिजन तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करते हैं तो पुलिस कार्रवाई करेगी।