तिलौली। शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र असनही निवासी अतीउल्लाह की मौत डूबने से हुई थी। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है। वहीं, शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने लाश को सौंप दिया। अब गड्ढे के पास कैसे पहुंचा और कैसे डूबा यह रहस्य बना हुआ है। वहीं, मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के असनहरा गांव निवासी अतीउल्लाह (24) पुत्र रफीक 22 जनवरी की रात में घर से मुंबई जाने के लिए निकला था। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया, इसलिए परिवार को कोई जानकारी नहीं हुई। बृहस्पतिवार शाम को क्षेत्र के बांसी-बस्ती रोड पर असनहरा मंदिर से दक्षिण पुल के पूरब बने कुंड में मछली का शिकार करने पहुंचे ग्रामीणों ने पानी में शव देखकर गांव के लोगों को जानकारी दी।
इसके बाद गांव के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर थाना प्रभारी अरविंद कुमार मौर्य मौके पर पहुंच गए। इसके बाद लाश की शिनाख्त की गई। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था, जिसमें डूबने से माैत की पुष्टि हुई।