- बरगदवा चौराहे पर हुआ हादसा, तीन भाइयों में सबसे छोटा था मृतक
इटवा। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के इटवा-बांसी मार्ग पर बरगदवा चौराहे के पास सोमवार शाम टैंकर की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, गोल्हौरा थाना क्षेत्र के तेलियाडीह गांव निवासी शैलेश साहनी (24) पुत्र त्रिभुवन साहनी सोमवार शाम करीब 5:40 बजे बरगदवा आया था। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से इटवा जाने के लिए निकला था। इसी दौरान इटवा की ओर जा रहे टैंकर की चपेट में आ गया। हादसे में टैंकर का पहिया सिर पर चढ़ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शैलेश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। इस वजह से वह परिवार का सबसे लाडला था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, गांव में मातम पसरा है।
इस संबंध में गोल्हौरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।