शोहरतगढ़/चिल्हिया। सनई-शोहरतगढ़ हाईवे पर चिल्हिया थाना क्षेत्र के धेंसा स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार को बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान पलिया गांव के टोला सिसवा निवासी धीरेंद्र कुमार (35) के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, धीरेंद्र कुमार बरगदवा चौराहे पर उमा टेक्निकल डिग्री कॉलेज का संचालन करते थे। रविवार को वह धेंसा स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में तेल भरवाने गए थे। तेल भरवाने के बाद घर जाने के लिए हाईवे पर चढ़ते समय शोहरतगढ़ की तरफ से सनई जा रही बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों और स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सदर थाने की पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजनों में शोक छा गया।
थाना प्रभारी पवन कुमार मौर्य ने बताया कि निजी बस में करीब 55 तीर्थयात्री सवार थे। बस तुलसीपुर स्थित पाटन देवी मंदिर में दर्शन कराने के बाद लेहड़ा मंदिर होते हुए गोरखपुर जा रही थी। धेंसा में बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। पुलिस ने बस और बाइक को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।