बांसी तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन करते आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी। संवाद
बांसी। काशी के मणिकर्णिका घाट पर प्राचीन मंदिरों के ध्वस्तीकरण के विरोध में आम आदमी पार्टी ने मंगलवार तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया। मामले की जांच करते हुए कार्रवाई की मांग उठाई गई। बौद्ध प्रांत के अध्यक्ष इंजीनियर इमरान लतीफ ने इस कार्रवाई को हिंदू आस्था, सनातन संस्कृति और परंपरा पर सीधा हमला बताया।
कहा कि मणिकर्णिका घाट केवल एक घाट नहीं बल्कि हिंदू धर्म का अत्यंत पवित्र स्थल है, जहां सदियों से अंतिम संस्कार होते आए हैं और मोक्ष की मान्यता जुड़ी हुई है। आप नेता प्रदीप पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर इतिहास, संस्कृति और आस्था को मिटाने का कार्य कर रही है। ऐसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल पर स्थित प्राचीन मंदिरों को ध्वस्त करना अत्यंत निंदनीय है।
प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल चौधरी ने कहा कि यह घटना किसी विदेशी आक्रांता के शासन में नहीं बल्कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुई है। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि ध्वस्तीकरण नहीं रुका तो आंदोलन और व्यापक होगा।