आकर्षक सजावट और वैष्णो देवी की गुफा श्रद्धालुओं के लिए बनी आकर्षण का केंद्र
बांसी। शारदीय नवरात्र शुरू होते ही बांसी तहसील क्षेत्र के दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा की आराधना शुरू हो गई है। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना और विधि-विधान से पूजन के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पंडालों के पट खोल दिए गए हैं। भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। पंडालों में सुबह-शाम पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
बांसी नगर के साथ गुलहौरा, पथरा, मिठवल, जिग्निहवा, महोखवा, तिलौली, बेलौहा बाजार, तेलौरा, सकारपार, गोनहा, सूपा राजा, चेतिया, मरवटिया बाजार और डढ़ियां विशुनपुर समेत विभिन्न गांवों, बाजारों और चौराहों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। यहां पूजा समितियों की ओर से विधि-विधान से पूजन किया जा रहा है।
नवरात्र को लेकर कस्बे में कई स्थानों पर मां वैष्णो देवी की गुफा बनाई गई है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं, मंगल बाजार, सर्राफा मार्केट, पेट्रोल पंप तिराहा, सुरसा मंदिर, पथरा रोड और नरकटहा-देवियापुर समेत विभिन्न स्थानों पर दुर्गा पूजा समितियों ने पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया है। पंडालों की भव्य सजावट देखने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। नवरात्र के चलते नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है।