इटवा। इटवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत इटवा के हनुमान नगर सिरसिया निवासी कुसुम ने पति अनिल कुमार अग्रहरि के साथ श्वसुर राम कृपाल, देवर दिलीप अग्रहरि, कुलदीप अग्रहरि और सास हंसरावती के साथ ससुराल के अन्य लोगों पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप लगाया। शनिवार को थाने पर तहरीर दी। पुलिस ने सात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सिरसिया निवासी कुसुम ने आरोप लगाया है कि उसे शनिवार को दहेज उत्पीड़न और गुजारा भत्ता के मामले की पैरवी करने के लिए जाना था। इसके लिए वह घर में तैयार हो रही थी। आरोप है कि तभी उसके पति अनिल कुमार अग्रहरि, देवर दिलीप अग्रहरि, कुलदीप अग्रहरि व सास हंसरावती निवासी वार्ड हनुमान नगर सिरसिया नगर पंचायत इटवा आईं और मारने पीटने लगीं। इसके बाद मकान के शटर को बाहर से बंद कर दिया। इसकी सूचना मोबाइल से देने पर पहुंची इटवा पुलिस ने शटर खुलवाकर बाहर निकलवाया।
इसके बाद तहसील परिसर में स्थित न्यायालय पहुंची तो वहां श्वसुर राम कृपाल और इटवा थाने के धोबहा निवासी उनके साले सुभाष अग्रहरि और रामचंद्र अग्रहरि मारने की धमकी देते हुए मारने-पीटने लगे।
एसओ रवींद्र सिंह का कहना है कि मामले में कुसुम की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।