तिलौली। थाना शिवनगर डिडई क्षेत्र के बांसी-बस्ती मार्ग पर स्थित डिडई चौराहे के पास रविवार की रात बहन के घर से लौट रही घुमची गांव निवासी लक्ष्मी देवी (35) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में उसकी जान चली गई। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र के घुमची गांव निवासी लक्ष्मी देवी (35) पत्नी रामजतन अपनी बहन के घर डिडई गांव में गई थी। रविवार रात बहन के घर से लौट रही थी कि शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र के बांसी-बस्ती मार्ग पर स्थित डिडई चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाने ले आई। देर रात ही मृतक के परिजन थाना पहुंचे और पहचान की।
इसके बाद सोमवार की सुबह परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
चार बच्चों का रो-राेकर बुरा हाल : लक्ष्मी देवी अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई है। सबसे छोटा बच्चा मात्र दो वर्ष का बताया जा रहा है। मां की अचानक मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गरीब परिवार में बच्चों की परवरिश अब पति रामजतन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में एसओ अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।