भनवापुर। त्रिलोकपुर क्षेत्र के मन्नीजोत चौराहा निवासी सुभावती पत्नी राजेश कुमार ने चौराहे के एक युवक और उसके घर के लोगों पर मारपीट करने और नकदी व जेवर छीनकर भागने का आरोप लगाया है। मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
क्षेत्र के मन्नीजोत चौराहा निवासी सुभावती ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि सोमवार को दीपावली के दौरान वह घर पर मिठाई की बिक्री के रुपये गिन रही थी। इस बीच मन्नीजोत चौराहे का एक युवक चाकू लेकर वहां पहुंचा और रुपये व बैग छीनने का प्रयास करने लगा। सुभावती ने उसे पकड़ लिया। इसी बीच आरोपी ने फोन कर अपने घरवालों और साथियों को बुला लिया।
कुछ ही देर में आरोपी के भाई-बहन सहित लगभग 15 बाहरी लोग, लाठी-डंडा, सरिया और चाकू से लैस होकर उसके घर में घुस आए और बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। हमले में सुभावती को गंभीर चोटें आईं और बायां हाथ टूट गया। आरोप है कि बदमाशों ने घर में रखे करीब 30 हजार नकद और मंगलसूत्र भी लूट लिया है। पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों में शामिल महिलाओं ने गालियां देते हुए धमकी दी कि अब तुम लोग दुकान नहीं खोल पाओगी और पूरे परिवार को खत्म करने की बात कही। वारदात की सूचना पर पीड़िता ने थाना त्रिलोकपुर में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ लूट, मारपीट, घर में घुसपैठ और जान से मारने की धमकी जैसी धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर रामदेव ने बताया कि मारपीट हुई है। दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।