उसका बाजार। उसका थाना क्षेत्र के बैरवा नानकार में मंगलवार को जंगली सूअर के हमले से ज्ञानमती (52) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भर देर शाम पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, उसका क्षेत्र के रीवा नानकार निवासी रामराज की पत्नी ज्ञानमती अपना परवल का खेत देखने और घर के लिए जलौनी लकड़ी लाने के लिए राप्ती नदी के किनारे बैरवा नानकार स्थित खेत में गई थी। ग्रामीणों के अनुसार, ज्ञानमती किसी खतरे से अंजान खेत से परवल तोड़ रही थी, तभी नदी के किनारे से अचानक जंगली सूअर निकला और उस पर धावा बोल दिया। खेत में काम कर रहे अन्य लोग ज्ञानमती को बचाने के लिए शोर मचाते हुए उसकी तरफ दौड़े, लेकिन खूंखार जंगली सूअर ने उन्हें भी दौड़ा लिया। फिर लौट ज्ञानमती पर दोबारा हमला कर दिया। इससे उसके गले, चेहरे और गर्दन में अधिक चोट आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद अन्य ग्रामीण लाठी डंडे के साथ पहुंचे तब जाकर सूअर ज्ञानमती के पास से भाग गया।
प्रभारी एसओ जय प्रकाश पांडेय ने बताया कि ज्ञानमती के पुत्र राकेश की सूचना पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।