फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: बनी सड़क तो धूल और हिचकोलों से मिली राहत, हवा में भी सुधार

Wed, 01 Oct 2025 11:01 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
सड़क निर्माण होने से लोगों को मिली राहत। संवाद
विज्ञापन
- शहर में अशोक मार्ग और हाईडिल तिराहे से पकड़ी तक हुआ है हाईवे का निर्माण, 62 पहुंचा एयर क्वालिटी इंडेक्स
विज्ञापन

- एक वर्ष से उड़ रही धूल के गुबार से राहगीर और दुकानदारों का घुट रहा था दम
सिद्धार्थनगर। शहर के अशोक मार्ग व हाईडिल तिराहे से पकड़ी चौराहे तक हाईवे निर्माण के चलते उड़ रहे से राहगीर और दुकानदारों को राहत मिल गई है। अशोक मार्ग पर और हाईडिल तिराहे से पकड़ी की तरफ कुछ दूर तक सड़क बन गई है, जिससे अब सड़क के गड्ढे के हिचकोलों से लोगों को राहत मिलने के साथ ही हवा के गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है।बुधवार को शहर का एक्यूआई 62 रहा जबकि सड़क निमार्ण के पूर्व यह आंकड़ा 110 से 120 तक पहुंच जा रहा था। निर्माणाधीन सड़क के चलते पिछले एक वर्ष से उड़ रहे गुबार से राहगीरों के साथ ही सड़क किनारे के दुकानदारों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।
शहर में 2.5 किमी अशोक मार्ग और हाईडिल तिराहे से पकड़ी चौराहे तक 3.5 किमी सड़क पर हाईवे निर्माण का काम हो रहा है। एनएच-730 के तहत शहर में इन सड़कों का चौड़ीकरण के साथ ही दोनों तरफ नाली निर्माण होना है। पिछले एक वर्ष से चल रहे निर्माण कार्य के तहत हाईडिल तिराहे से पकड़ी तक खुदाई करने से सड़क के गड्ढों और गुबार के कारण जहां राहगीरों की सांसत रही, वहीं आसपास के दुकान व मकान धूल से पट जा रहे थे। यहां तक कि सड़क पर वाहनों के गुजरने के दौरान गुबार से बचने के लिए लोगों ने मकान और दुकान के सामने पर्दा लटका दिया था, फिर भी उन्हें राहत नहीं मिलती थी। अब अशोक मार्ग पर केंद्रीय विद्यालय से हाईडिल तिराहे तक और हाईडिल तिराहे से पकड़ी की तरफ एक किमी से अधिक दूरी तक सड़क की तारकोल पेंटिंग हो जाने से लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं केंद्रीय विद्यालय तक सड़क बनने से बच्चों और अभिभावकों को भी राहत मिली है।
विज्ञापन


पांच सौ करोड़ से बन रहा हाईवे
जिले के महराजगंज सीमा पर उसका बाजार से शहर होते हुए शोहरतगढ़ तक 32 किमी हाईवे का निर्माण पांच सौ करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इसमें उसका बाजार में आठ किमी और चिल्हिया में तीन किमी बाईपास का भी निर्माण हो रहा है। इसके तहत सड़क को 10 मीटर चौड़ा और आबादी वाले हिस्से में किनारे पर नाली का निर्माण भी होना है। बीते चार वर्ष से हो रहे सड़क निर्माण की धीमी गति का खामियाजा राहगीरों के साथ ही आसपास के लोगों को भुगतना पड़ रहा था। अब निर्माण कार्य में आई तेजी से लोगों ने राहत की सांस ली है।
-
अशोक मार्ग पर हो रहा फोरलेन निर्माण
शहर के 2.5 किमी लंबे अशोक मार्ग पर फोरलेन हाईवे का निर्माण हो रहा है। डीएम डॉ. राजागणपति आर की पहल पर शासन से इसके लिए अतिरिक्त 10 करोड़ का आवंटन हुआ था, जिससे यहां पर सड़क की चौड़ाई बढ़ने के साथ ही बीच में डिवाइडर का निर्माण हुआ है। इसके साथ दोनों किनारे पर नालियों का निर्माण हो रहा है और किनारे और बीच में लाइट भी लगाए गए हैं। जिला प्रशासन व नगर पालिका की तरफ से इस सड़क के दोनों तरफ दुकानों का भी आवंटन प्रक्रिया चल रही है, जिससे इस सड़क पर एक नया बाजार विकसित होगा।
-
सड़क निर्माण से हुआ हुई राहत
प्रतिदिन सुबह अशोक मार्ग से बुद्धा पार्क व उद्यान विभाग पार्क में टहलने जाने वाले कमलेश दुबे, संजीव सिंह आदि का कहना है कि अब तक सड़क से गुजरने के दौरान उड़ती धूल से बहुत परेशानी होती थी, लेकिन दो दिन से सड़क निर्माण होने से धूल से राहत मिली है और सड़क के गड्ढों में हिचकोले खाने से भी मुक्ति मिल गई है। वहीं, सड़क किनारे के दुकानदार लवकुश, गामा व राहुल आदि का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क के कारण अब तक धूल से घर और दुकान पट जा रहे थे, अब सड़क बनने से इससे राहत मिल गई है।
विज्ञापन

-
कार्यदायी संस्था को सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाकर समय से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- जयशंकर सिंह, एई, एनएचएआई
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें