शोहरतगढ़। मुंबई की तरफ जाने वाले यात्री जिला मुख्यालय व बढ़नी जाकर एलटीटी एक्सप्रेस से सफर करने को विवश है। इसका ठहराव ऐसे स्टेशनों पर किया गया है, जहां रिजर्वेशन काउंटर ही नहीं है। वहीं शोहरगढ़ स्टेशन, जहां रिजर्वेशन काउंटर हैं, पर वहां यह ट्रेन नहीं रुकती है। गोरखपुर से आनंदनगर होते हुए पनवेल, बांद्रा के रास्ते लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक शनिवार को छोड़कर बाकी सभी दिन चलने वाली ट्रेन से सफर करने के लिए यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेल उच्चाधिकारियों की मनमानी से शनिवार को गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली 11080 एक्सप्रेस का ठहराव शोहरतगढ़ में न होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जबकि इस ट्रेन का ठहराव ऐसे स्टेशनों पर किया गया है, जहां पर रिजर्वेशन काउंटर ही नहीं है। ऐसे में यात्रियों को बढ़नी व जिला मुख्यालय पर जाकर सफर करना पड़ता है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल का कहना है कि रेल प्रशासन की मनमानी से शोहरतगढ़ जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर ठहराव नहीं दिया गया है। वहीं, पचपेड़वा, गैसड़ी, कौवापुर जैसे स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है, जिसका खामियाजा क्षेत्र के यात्रियों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस रूट से दिल्ली जाने के लिए हमसफर एक मात्र एक्सप्रेस है। यहां पर ठहराव न होने से व्यापारी, शिक्षक व छात्रों में काफी आक्रोश है। शोहरतगढ़ व्यापार संगठन अध्यक्ष आनंद कसौधन, पूर्व चेयरमैन शिवप्रसाद वर्मा, विष्णु बबूना, राकेश वर्मा, नीलू रूंगटा, जितेंद्र वर्मा आदि ने कहा कि दिल्ली, गुजरात, पंजाब, कश्मीर व देवनगरी उत्तराखंड जाने के लिए एक भी ट्रेन की सुविधा नहीं है। रेल प्रशासन कुछ ट्रेनों को गोरखपुर से वाया सिद्धार्थनगर होते हुए चला दिया जाए तो यात्रियों को काफी सुविधाएं मिलने लगेगी और रेल आय में भी वृद्धि होगी।