कलेक्ट्रेट से सीडीओ बलराम सिंह ने मतदान कर्मियों को किया रवाना
: 27 अक्तूबर को गोरखपुर में होगी मतगणना
सिद्धार्थनगर। गोरखपुर फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के होने वाले चुनाव में शुक्रवार को मतदान होगा, इसमें जिले के 2784 मतदाता भाग लेंगे। बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट से सीडीओ बलराम सिंह ने मतदान कराने के लिए मतदान कर्मियों को रवाना किया, जो देर शाम तक बूथों पर पहुंच भी गए।
चुनाव के लिए जिले में आठ स्थानों पर मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। प्रशासन की ओर से मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना गोरखपुर में 27 अक्तूबर को होनी है।
जिला प्रशासन की ओर से गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए तैयारी पूरी कर ली है। पांचों तहसील कार्यालय नौगढ़, बांसी, शोहरतगढ़, इटवा व डुमरियागंज समेत तीन ब्लॉक कार्यालय बर्डपुर, खेसरहा और बढ़नी को मतदान केंद्र बनाया गया है। मतदान सकुशल संपन्न कराने के लिए जोनल व स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने बृहस्पतिवार को मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मतदान केंद्र मतदाता
तहसील कार्यालय नौगढ़ 777
बर्डपुर ब्लॉक कार्यालय 228
तहसील कार्यालय शोहरतगढ़ 192
ब्लॉक कार्यालय बढ़नी 100
तहसील कार्यालय बांसी 705
ब्लॉक कार्यालय खेसरहा 220
तहसील कार्यालय इटवा 246
तहसील कार्यालय डुमरियागंज 316
नगर निकाय, ब्लॉक व तहसीलवार मतदाता होंगे शामिल
मतदान केंद्र - क्षेत्र के मतदाता
तहसील कार्यालय नौगढ़ - नगर पालिका सिद्धार्थनगर, नौगढ़, जोगिया व उसका ब्लॉक
बर्डपुर ब्लॉक कार्यालय - बर्डपुर व लोटन ब्लॉक
तहसील कार्यालय शोहरतगढ़ - नगर पंचायत शोहरतगढ़ एवं ब्लॉक क्षेत्र शोहरतगढ़
ब्लॉक कार्यालय बढ़नी - नगर पंचायत बढ़नी व बढ़नी ब्लॉक
तहसील कार्यालय बांसी - नगर पालिका बांसी, मिठावल एवं बांसी ब्लॉक क्षेत्र
ब्लॉक कार्यालय खेसरहा - ब्लॉक क्षेत्र खेसरहा
तहसील कार्यालय इटवा - संपूर्ण तहसील क्षेत्र इटवा
तहसील कार्यालय डुमरियागंज - संपूर्ण तहसील क्षेत्र डुमरियागंज