सिद्धार्थनगर। बदलती जीवनशैली और अव्यवस्थित दिनचर्या का असर गर्भवतियों के स्वास्थ्य पर नजर आने लगा है। गर्भवतियों में विटामिन बी-12 की कमी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूती रोग विभाग में प्रतिदिन बी-12 की कमी के आठ से 10 मरीज आ रहे हैं।
खानपान की आदतों में हुए बदलाव महिलाओं को बीमार कर रहे हैं। विटामिन बी-12 शरीर में रक्त निर्माण, मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र को सुचारू रूप से चलाने का काम करता है। इसकी कमी होने पर कमजोरी, थकान, चिड़चिड़ापन, तनाव जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। गर्भ में पल रहे शिशु के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। मेडिकल कॉलेज की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शाहीन बानो ने बताया कि अधिकतर महिलाओं में पोषण संबंधी जागरूकता की कमी है, जिससे उन्हें बी-12 व एनिमिया का शिकार होना पड़ रहा है। मेडिकल कॉलेज में आने वाली महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की सलाह दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि गर्भवतियों को पौष्टिक आहार का सेवन करना चाहिए। कुछ महिलाओं पोषण ठीक से लेती हैं, लेकिन पाचन ठीक नहीं होता है। गर्भावस्था के दौरान किसी भी प्रकार की कमजोरी, चक्कर या असामान्य थकान के लक्षण दिखाई देने पर तुंरत विशेषज्ञ से संपर्क करें।