बर्डपुर नं0-6 में चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्या सुनते डीएम शिवशरणप्पा जीएन, एसपी डाॅ. अभिष
सिद्धार्थनगर। नौगढ़ तहसील के बर्डपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर छह में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में चौपाल आयोजित की गई। इसमें डीएम ने गांव की समस्या, गांव में समाधान कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। निर्देश दिए कि ग्रामीणों को सभी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।
डीएम ने कहा कि किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसलों की क्षतिपूर्ति का भुगतान कराएं। राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए। पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाएं। आयुष्मान कार्ड से पांच लाख तक का निशुल्क इलाज की सुविधा है। वरासत के प्रकरणों को समय से निस्तारित कराएं। पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कराकर पेंशन का लाभ दिया जाए। जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से पूछा कि गांव की कोई और समस्या हो तो बताएं। जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाएं। इसमें किसी भी प्रकार की हीलाहवाली करने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक डाॅ. अभिषेक महाजन ने ग्रामवासियों को बताया कि किसी भी प्रकार की पुलिस सहायता के लिए 112 डायल करें। सहायता के लिए सभी थानों में हेल्प डेस्क बनाई गई है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने गर्भवतियों की गोदभराई भी कराई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. रजत कुमार चौरसिया, एडीएम गौरव श्रीवास्तव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी आदि माैजूद रहे।